कौशाम्बी के इस ऐतिहासिक स्थान पर 2359.55 लाख से बनेगा बौद्ध तीर्थ,लगेगी 51 फिट की बुद्ध की कांस्य की प्रतिमा

कौशाम्बी,

कौशाम्बी के इस ऐतिहासिक स्थान पर 2359.55 लाख से बनेगा बौद्ध तीर्थ,लगेगी 51 फिट की बुद्ध की कांस्य की प्रतिमा,

प्राचीन भारत के 16 महाजनपदो में वत्स राज्य की समृद्ध राजधानी रही बौद्ध नगरी कौशाम्बी को यूपी की योगी सरकार एक नयी पहचान दे रही है,अपने अतीत में सभ्यता और समृद्धि का इतिहास समेटे इस स्थान को उत्तर प्रदेश का पर्यटन विभाग बौद्ध तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित कर रहा है ।

छठी शताब्दी ईसा पूर्व में बौद्ध नगरी कौशाम्बी की गिनती भारत के 6 सबसे महत्वपूर्ण नगरों में होती थी, यूपी सरकार अब इसे नई पहचान दे रही है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने बताया कि कौशाम्बी जनपद के कोसम इनाम गाँव को पर्यटन विभाग बौद्घ तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित कर रहा है। बौद्घ सर्किट से जोड़ने के लिए यहां पर 2359.55 लाख रुपए की लागत से बुद्धा थीम पार्क का विकास किया जा रहा है। पर्यटन विभाग को इसके लिए पहली किश्त भी मिल चुकी है। इलाके में 11 हेक्टेयर की जमीन भी स्थानीय किसानो से अधिग्रहित की गई है। किसानों को उनका मुआवजा भी दिया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस पार्क में ओपन थियेटर, महात्मा बुद्ध के जीवन पर आधारित संग्रहालय, बुद्ध पर आधारित म्यूरल्स, थीमेटिक गेट, कैफेटेरिया और ठहरने के लिए गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा।

बौद्घ स्थलों के सतत विकास के लिए इसका व्यवस्थित ढंग से विकास और विस्तार होना भी आवश्यक है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह के मुताबिक, इस पूरे इलाके को बौद्घ संरक्षित क्षेत्र घोषित करने के लिए इसे प्राधिकरण क्षेत्र घोषित किये जाने की योजना है। पर्यटन विभाग ने शासन को इस क्षेत्र को प्राधिकरण क्षेत्र घोषित करने के लिए प्रस्ताव भी भेजा है। प्राधिकरण क्षेत्र घोषित होने के बाद यहाँ व्यवस्थित निर्माण की योजना लागू की जायेगी। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे। क्षेत्र में स्थानीय लोगो को अपने घरो में पेइंग गेस्ट की सुविधा का विकास करने के लिए प्रस्ताव दिया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगो को रोजगार मिलेगा।

पर्यटकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विभाग इस क्षेत्र में टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का विकास कर रहा है। इसके अलावा कोसम इनाम गांव में ही 51 फीट ऊंची महात्मा बुद्ध की कांस्य प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। ललित कला अकादमी 1125.01लाख की लागत से इसका निर्माण कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor