कौशाम्बी: CEIR पोर्टल पर मोबाइल रिकवरी में जनपद कौशाम्बी को जनवरी में प्रदेश में मिला दूसरा स्थान, दिसंबर में था प्रथम स्थान,
यूपी के कौशाम्बी जिले की पुलिस द्वारा भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से गुम/चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विगत माह जनवरी 2026 में प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया, माह दिसंबर 2025 में सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान रहा था।
एसपी राजेश कुमार के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना स्तर पर CEIR पोर्टल का प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सटीक उपयोग किया गया। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में गुम/चोरी हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर उन्हें सफलतापूर्वक बरामद किया गया तथा संबंधित मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
कौशाम्बी पुलिस द्वारा आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए साइबर सेल/सर्विलांस टीम एवं थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से मोबाइल फोनों की IMEI ट्रैकिंग कर प्रभावी कार्यवाही की गई। इस सराहनीय कार्य से न केवल पीड़ित नागरिकों को राहत मिली, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।
अवगत कराना है कि CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल एक केन्द्रीकृत सिटीजन पोर्टल है, जिसकी सहायता से चोरी हुए, खोए हुये अथवा छीने गये मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। आम जनता द्वारा स्वयं ही अपने मोबाइल खोने, चोरी होने आदि की सूचना ऑनलाइन CEIR की वेवसाइट ceir.gov.in पर दर्ज की जा सकती है। इसी प्रकार मोबाइल चोरी व खो जाने के सम्बन्ध में थानों पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को CEIR पोर्टल पर दर्ज कर ट्रैक किया जाता है। इस प्रकार पूरे भारत वर्ष में कहीं भी मौजूद मोबाइल फोन को आवश्यकता अनुसार सम्बन्धित थानों को सूचित करते हुये बरामद करके मोबाइल स्वामी को सुपुर्द किया जाता है।
इस उपलब्धि पर एसपी राजेश कुमार ने CEIR पोर्टल पर कार्य करने वाली टीम, साइबर सेल, एवं जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देकर उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए।








