उत्तर प्रदेश,
यूपी में 187.95 करोड़ रूपए की धनराशि से कराया जा रहा पर्यटन क्षेत्र का विकास: जयवीर सिंह,
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेन्सी)
मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्द्धन योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश की 384 विधान सभा क्षेत्रों में स्थित पर्यटन स्थलों का पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्य 187.95 करोड़ रूपए की धनराशि से कराया जा रहा है।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि प्रदेश के हर जनपद में पर्यटकों के लिए धार्मिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक, पौराणिक महत्व के पर्यटन स्थल मौजूद हैं। मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्द्धन योजना के अन्तर्गत इनका विकास कराकर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाये जाने का निर्णय लिया गया है। इन स्थलों पर पर्यटकों के आवागमन से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे साथ ही सर्विस सेक्टर को फायदा पहुंचेगा।
इसके अलावा उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से ब्रज क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु चालू वित्तीय वर्ष में 60 करोड़ रूपए का प्राविधान किया गया है। इसके सापेक्ष 21.70 करोड़ रूपए की वित्तीय स्वीकृतियां जारी करायी गयी हैं। पर्यटन विभाग के अन्तर्गत ब्रज क्षेत्र में उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन की बैठकों के लिए पर्यटन विभाग को दी गयी जिम्मेदारियों के तहत तैयारी की जा रही है। इसके अलावा उ0प्र0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में आने वाले अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को यूपी ब्रान्ड से परिचित कराने के लिए भी रणनीति बनायी जा रही है। उन्होंने बताया कि यूपीजीआईएस को पर्यटन विभाग एक अवसर के रूप में ले रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यटन सेक्टर में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए यह एक अच्छा प्लेटफार्म है।








