कौशाम्बी: अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धाश्रम में योग शिविर आयोजित,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धाश्रम ओसा में बुजुर्गों के लिए योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के निर्देशन में पूर्वांचल सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया।
योग शिविर का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को जोड़ों के दर्द, गठिया, साइटिका एवं उच्च रक्तचाप जैसी पुरानी बीमारियों में राहत प्रदान करना रहा। साथ ही योग के माध्यम से मानसिक तनाव को कम कर बेहतर नींद एवं समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।
योग प्रशिक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नियमित योग अभ्यास से जोड़ों की जकड़न कम होती है, शरीर में लचीलापन बढ़ता है तथा मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। इससे शरीर में संतुलन एवं स्थिरता भी आती है।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम प्रबंधक आलोक राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








