कौशाम्बी,
डीएम ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन किया अर्पित,कलेक्ट्रेट प्रांगण में साफ-सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश,
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती के अवसर पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया तथा उदयन सभागार में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।इसके साथ ही अरूण कुमार गोंड व प्रबुद्ध सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा हैं। महात्मा गांधी ने देश एवं विश्व को संदेश दिया कि बिना हिंसा के भी देश को आजादी दिलायी जा सकतीं हैं। हम सबको महात्मा गांधी के आदर्शों, सिद्धान्तों एवं दर्शन का अनुसरण करना चाहिए। महात्मा गांधी ने सभी को साथ लेकर देश को एकता के सूत्र में बांधा है, जिसका परिणाम है कि भारत आजादी के इतने वर्ष बाद आज भी एकजुट है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी भरा जीवन था, उनका देश के विकास में अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि कहा कि देश के स्वतन्त्रता सेनानियों ने सपना देखा था, कि देश में अन्तिम से अन्तिम पायदान पर खड़े हुए व्यक्ति भी खुश रहे एवं उसके चेहरे पर मुस्कान बनी रहें, हम लोग शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने का कार्य निरन्तर करते रहें, यही स्वतन्त्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इसके पश्चात डीएम मधुसूदन हुल्गी,एडीएम प्रबुद्ध सिंह,एडीएम अरुण कुमार गोंड सहित सभी अधिकारियों एवम कर्मचारियों ने परिसर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयन्ती के अवसर पर जनपद में अन्य राजकीय भवनों, कार्यालयो एवं विद्यालयों पर भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा कार्यालयो, विद्यालयों व अन्य संस्थाओं में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पणकर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इसके साथ ही महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा, जीवन-मूल्यों, अन्त्योदय की अवधारणा तथा राष्ट्रीय एकता व अखण्डता पर प्रकाश डाला गया।