कौशाम्बी: सीडीओ ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व की दी जानकारी,
यूपी के कौशाम्बी सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत जिला गंगा समिति द्वारा सरस हॉल में प्राकृतिक खेती पर आयोजित कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया।
सीडीओ ने उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ के साथ ही प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने पशुपालन के योगदान के साथ प्राकृतिक खेती को कैसे बढ़ाया जाय, इसके बारे में अवगत कराया गया।
कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डा. मनोज कुमार सिंह ने आये हुए किसानों को विस्तार से वैज्ञानिक विधि के माध्यम से प्राकृतिक खेती किये जाने के उपायों के बारे में बताया। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार तिवारी ने प्राकृतिक खेती के लिए कृषि विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाएं-अनुदान आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की, जिससे कृषक अधिक से अधिक लाभ ले सकें।
प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार शुक्ला ने प्राकृतिक खेती का गहराई से विश्लेषण करते हुए वृक्षारोपण, हर खेत पे मेड़ एवं हर मेड़ पर पेड़, एक पेड़ मॉ के नाम वृक्षारोपण करके किसान कैसे आर्थिक रूप से समृद्ध व सशक्त होते हुए पर्यावरण संरक्षण व नदियों को अविरल कर सकते हैं, के बारे में किसानों को जागरूक किया। कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषक, कृषि सखी एवं एफ.पी.ओ. ने प्रतिभाग किया।








