कौशाम्बी: वृद्धाश्रम में प्री कैम्प एवं लघु विधिक सेवा एवं साक्षरता शिविर का हुआ आयोजन,वृद्धजनों की समस्याओं को सुनकर जल्द निस्तारण के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी जिले में वृद्धाश्रम में प्री कैम्प एवं लघु विधिक सेवा एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आस्था मिश्रा ने आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी वृद्ध महिलाओं एवं पुरुषों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया। शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कैम्प के माध्यम से बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन योजना, आयुष्मान भारत योजना, विधिक सहायता सेवाएं, वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम, तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का पूर्ण अधिकार है।
इस अवसर पर उपस्थित वृद्धजनों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है।
सभी उपस्थित सदस्यों ने वृद्धजनों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान की तथा उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक विधिक परामर्श दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को जागरूक कर उन्हें न्याय एवं सरकारी सुविधाओं तक सुगम पहुँच सुनिश्चित करना रहा।
इस कार्यक्रम में लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अमित मिश्रा एवं तिलक नारायण, मध्यस्थगण अधिवक्ता मंदीप अवस्थी, पी०एल०वी० कृष्णा कपूर तथा वृद्धा आश्रम के मैनेजर आलोक राय सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।








