कौशाम्बी:मेडिकल कॉलेज में विश्व किडनी दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन,स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया गया संदेश,
यूपी के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में विश्व किडनी दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेते हुए लोगों को किडनी से संबंधित बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर डा0 सुरभि प्रकाश ने बताया कि किडनी हमारे शरीर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने और शरीर में तरल पदार्थों के संतुलन को बनाए रखने का कार्य करती है। अनियमित जीवनशैली, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अधिक नमक का सेवन तथा पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना किडनी रोगों के प्रमुख कारण हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को किडनी रोगों के शुरुआती लक्षणों जैसे शरीर में सूजन, पेशाब में बदलाव, थकान और भूख कम लगने के बारे में जागरूक किया गया तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशे से दूर रहने पर विशेष जोर दिया गया।
विश्व किडनी दिवस का उद्देश्य लोगों को किडनी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और किडनी रोगों की समय रहते पहचान एवं रोकथाम के लिए प्रेरित करना है। यदि लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, तो किडनी से संबंधित कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं छात्रों ने किडनी स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।








