कौशाम्बी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने BJP पर बोला तीखा हमला

कौशाम्बी: कौशाम्बी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने BJP पर बोला तीखा हमला,

यूपी के कौशाम्बी जिले के भरवारी कस्बे में पहुंचे कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर, सनातन, ब्राह्मण समाज, बंगाल हिंसा, फार्म-7 और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर तीखे बयान दिए है। अजय राय ने भाजपा और योगी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सनातन की बात करते हैं, लेकिन चारों शंकराचार्यों की अनुपस्थिति में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को उन्होंने “अपूर्ण” बताया। अजय राय ने कहा निश्चित रूप से वो भद्रा काल था, इसीलिए वो पूर्ण नहीं हुआ।

फिल्म घूसखोर पंडित के मुद्दे पर अजय राय ने कड़ा ऐतराज़ जताते हुए कहा कि यह सनातन और ब्राह्मण समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्यों का अपमान किया गया और भाजपा के संरक्षण में ऐसी फिल्म बनवाई गई। अजय राय ने कहा अगर योगी जी के अंदर थोड़ी भी इंसानियत है तो फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और अभिनेता को जेल भेजें।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी विधानसभा नहीं जीत सका, उस पर क्या ही टिप्पणी की जाए।

वहीं बंगाल हिंसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कहते है कि राफेल उड़ाया जाए, सैन्य कार्रवाई हो, हिंदुओं की रक्षा हो, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि शेख हसीना को संरक्षण किसने दिया।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कथित दुर्व्यवहार को लेकर अजय राय ने कहा कि यह पूरे सनातन और हिंदू समाज का अपमान है। उन्होंने कहा अगर मैं कांग्रेस की सरकार होती तो शंकराचार्य को अपने कंधे पर बैठाकर स्नान कराने ले जाता। साथ ही चेतावनी दी कि कांग्रेस सरकार आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

फार्म-7 को लेकर अजय राय ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं के नाम कटवाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की। अमेठी का हवाला देते हुए कहा कि वहां बीएलओ ने भाजपा के गलत दबाव की शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई बीएलओ पर ही कर दी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री संसद से भाग रहे हैं और राहुल गांधी से डरकर सदन में नहीं आ रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जनरल नरवणे की किताब देने की बात सही है, जिसमें चीन की घुसपैठ को लेकर गंभीर बातें लिखी गई हैं।कुल मिलाकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का यह दौरा पूरी तरह से सियासी बयानबाज़ी और भाजपा पर तीखे हमलों से भरा रहा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor