सेंट फ्रांसिस स्कूल मे सामाजिक एकता भाईचारे एवं इंसानियत का दुनिया को संदेश देने वाले प्रभु ईसा मसीह का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन

कौशाम्बी:सेंट फ्रांसिस स्कूल मे सामाजिक एकता भाईचारे एवं इंसानियत का दुनिया को संदेश देने वाले प्रभु ईसा मसीह का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन,

यूपी के कौशाम्बी जिले के सेंट फ्रांसिस स्कूल बेरुआ मे क्रिसमस के अवसर पर सामाजिक एकता भाईचारे एवं इंसानियत का दुनिया को संदेश देने वाले प्रभु ईसा मसीह का धूमधाम से जन्मदिन मनाया गया।कार्यक्रम में उनके जन्म से जुड़ी प्रमुख घटनाओं का बच्चों के द्वारा जीवंत प्रस्तुतीकरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिखाया गया की यीशु के जन्म के समय आकाश में एक विशेष तारा दिखाई दिया।पूर्व दिशा से तीन ज्ञानी पुरुष उस तारे का अनुसरण करते हुए ईसा के दर्शन के लिए आए।उस समय यहूदिया का राजा हेरोदेस था, जिसने बालकों की हत्या का आदेश दिया, इसलिए मरियम और यूसुफ ईसा को लेकर मिस्र चले गए।राजा हेरोदेस की मृत्यु के बाद वे नासरत नगर में आकर रहने लगे। ईसा का बचपन साधारण था।वे बचपन से ही बुद्धिमान और धर्मग्रंथों के ज्ञाता थे। वह 12 वर्ष की आयु से ही धर्म गुरुओं से मानवीय मूल्य पर चर्चा करते हुए पाए गए।लगभग 30 वर्ष की आयु में ईसा ने उपदेश देना शुरू किया।उन्होंने प्रेम,क्षमा,दया,सत्य और सेवा का संदेश दिया।उनका मुख्य संदेश था,“अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम करो।” शत्रुओं से भी प्रेम करना, पापियों को क्षमा करना,गरीबों और दुखियों की सहायता करना,अहंकार और दिखावे से दूर रहना,ईश्वर पर पूर्ण विश्वास रखना।

क्रिसमस पर्व के आयोजन के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जेराल्ड पी डिसूजा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें जीवन में हमेशा अपना दृष्टिकोण मानव जाति की भलाई के लिए रखना चाहिए। हमारा पड़ोसी चाहे जिस जाति धर्म का हो, हमें सभी से प्रेम करना चाहिए, सभी के अंदर ईश्वर का वास होता है और सभी प्रेम के लायक होते हैं, हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे समाज में हिंसा एवं नफरत की भावना उत्पन्न हो। हमें आपस में मिलजुल कर अपनी सामाजिक एकता एवं सामाजिक उत्थान के बारे में प्रयास करना चाहिए और इसके लिए जो सबसे महत्वपूर्ण बात है वह है शिक्षा। शिक्षा हर एक व्यक्ति का मूल अधिकार है और उसे सब को प्राप्त करना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिविता त्रिपाठी, मुनीरा हसन, सौम्या, उन्नति केसरवानी, कशिश चंद्रा, अनय केसरवानी, यथार्थ केसरवानी, जीत केसरवानी, एंजेल, आस्था खरे, अभिषेक कुमार, काम्या, अपेक्षा केसरवानी सहित लगभग 100 बच्चों ने भाग लिया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की क्लास कक्षा 7 की छात्रा आर्या सिंह एवं आराध्या मिश्रा ने किया।इस दौरान सभी शिक्षक,शिक्षिकाएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor