कौशाम्बी: घर के बाहर सो रहे अधेड़ की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा,लड़की भगाने के मामले में युवक ने जेल भेजे जाने के डर से की थी हत्या,हत्यारा अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले में तीन दिन पहले घर के बाहर सो रहे अधेड़ व्यक्ति की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस ने गांव के ही एक युवक आकाश पुत्र पुजारी को अरेस्ट किया है,आरोपी मृतक की बेटी को चार महीने पहले भगा ले गया था,जिसपर आकाश के ऊपर लड़की को भगा ले जाने और रेप का मामला दर्ज कराया गया था,आरोपी तभी से फरार चल रहा था,एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम और सर्विलांस टीम ने CCTV कैमरो की मदद से कई कड़ियों को मिलाते हुए मामले का खुलासा कर दिया और मृतक के परिजनों द्वारा आरोपी बनाए गए निर्दोष युवक को बचा लिया और आरोपी आकाश को आला कत्ल के साथ अरेस्ट कर लिया।
एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा कार्य हुए बताया कि 02 फरवरी को सुबह थाना सैनी को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कानेमई के गणेश प्रसाद की हत्या कर दी गयी है और शव, गांव के बाहर स्थित उनके मकान के बाहर टिन शेड के नीचे चारपाई पर पड़ा हुआ है। हत्या के सम्बन्ध में प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मृतक के सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाये गये थे। साक्ष्य संकलन के क्रम में फील्ड यूनिट फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
घटना की गम्भीरता को देखते हुए एसपी राजेश कुमार घटना के शीघ्र, सफल अनावरण एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये थे। घटना के अनावरण हेतु गठित SOG और अन्य पुलिस टीमों द्वारा इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की मदद,सीसीटीवी कैमरो के अवलोकन तथा साक्ष्य संकलन से प्रकाश में आये आरोपी आकाश पुत्र पुजारी लाल निवासी कानेमई थाना सैनी जनपद कौशाम्बी को अरेस्ट कर लिया गया,आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल एक कुल्हाड़ी, आरोपी के जले हुये जेकेट का अवशेष, मृतक के मोबाइल के जले हुये अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद किया गया। विधिक कार्यवाही के पश्चात आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है।
आरोपी ने कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया गया कि करीब 04 महीने पहले मैं गणेश (मृतक) की लड़की को अपने साथ भगा ले गया था, इसी वजह से उनके द्वारा मेरे खिलाफ मुकदमा लिखवा कर मुझे परेशान किया जा रहा था और वह मुझे जेल भेजवाना चाहता था, इसीलिए मैं छिपकर अपनी बुआ के घर रह रहा था। इसके बाद भी गणेश व उसके परिवार के लोगों द्वारा मेरे घर वालों को परेशान किया जा रहा था, जिससे मैंने गुस्से में आकर गणेश को जान से मारने की योजना बनाई। 01 फरवरी की रात्रि को मैंने मोटर साईकिल की डिग्गी में कुल्हाड़ी रखकर गणेश प्रसाद के मकान के पास आया और देखा कि गणेश प्रसाद अपने मकान के आगे बने टिन शेड में चारपाई पर सो रहा था तभी मैंने कुल्हाड़ी से गणेश के सिर में मारकर उसकी हत्या कर दी। वहाँ जल रहे बल्ब को तोड़कर अन्धेरा कर दिया और चारपाई पर पड़े उसके मोबाइल को भी अपने साथ ले गया था। कुल्हाड़ी को रास्ते में एक तालाब में फेंक दिया और बाद में सबूत मिटाने के लिये मैंने अपने खून लगे हुये जैकेट व गणेश के मोबाइल को जला दिया था। थाना सैनी पुलिस की सक्रियता एवं निष्पक्ष कार्यवाही से घटना का सफल अनावरण किया गया तथा वास्तविक आरोपी आकाश के विरुद्ध कार्यवाही करते हुये मुकदमें में नामित निर्दोष व्यक्ति को जेल जाने से बचाया जा सका।








