कौशाम्बी: सराय अकिल की ऐतिहासिक साप्ताहिक रंगभरी होली की बारात में पथराव,भारी मात्रा में पुलिस तैनात,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सराय अकिल में रविवार को निकाली गई ऐतिहासिक साप्ताहिक रंगभरी होली की बारात के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भावनटोलीया और मौलवीगंज मोहल्ले के बीच अचानक पथराव की घटना हो गई। देखते ही देखते दोनों मोहल्लों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सराय अकिल में हर वर्ष होली के अवसर पर सात दिनों तक रंग खेलने और रंगभरी होली की पारंपरिक बारात निकालने की परंपरा है। इसी क्रम में रविवार को बुद्धपुरी ब्राम्हण टोला से विशाल बारात नगर भ्रमण के लिए निकली थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। बारात जब भावनटोलीया और मौलवीगंज क्षेत्र के बीच पहुंची, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इतने बड़े और भीड़भाड़ वाले आयोजन के बावजूद मौके पर पर्याप्त पुलिस फोर्स मौजूद नहीं थी, जिससे स्थिति अचानक बिगड़ गई। पथराव की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हालात बिगड़ने लगे। स्थिति को काबू में करने के लिए बाद में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालात को नियंत्रित करने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी, जिसके बाद इलाके में गश्त बढ़ाकर माहौल को शांत कराया गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि सराय अकिल की रंगभरी होली में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है और संभावित विवाद को देखते हुए पहले से पीएसी व भारी पुलिस बल तैनात किया जाता रहा है। लेकिन इस बार इतने बड़े पारंपरिक आयोजन के बावजूद बारात की सुरक्षा में केवल एक दरोगा और कुछ सिपाहियों को ही लगाया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी भीड़ वाले कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों रखी गई और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक स्थानीय पत्रकार का मोबाइल भी छीने जाने की बात सामने आई है, जिससे पत्रकारों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं इस पूरे मामले पर जब थाना सराय अकिल के इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उनका कहना था कि अभी मैं व्यस्त हूं, अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलती है, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








