कौशाम्बी: 15 साल पुरानी रंजिश को खूनी अंजाम देने वाले आधा दर्जन अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी ज़िले में 15 साल पुरानी रंजिश ने एक बार फ़िर खून बहाया है। जमीन के विवाद में चली आ रही दुश्मनी ने ऐसा रूप लिया कि पुनीत को गुरुवार सुबह बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।
मामला चरवा थाना क्षेत्र के बरियावां गांव का है जहा पुरानी रंजिश को लेकर पुनीत लाठी डंडे और चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि करीब 15 साल पहले जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें एक हत्या भी हुई थी। उसी पुरानी रंजिश ने अब फिर से खूनी रूप ले लिया।
घटना के दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पुनीत के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रामलाल, रामानंद, अजीत, रामप्रकाश, शिवमूरत और राजेन्द्र को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल लाठी-डंडे और अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है, लेकिन गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।








