कौशाम्बी: नगर पालिका मंझनपुर को मिली बड़ी सौगात, अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने किया पाइप पेयजल योजना का भूमि पूजन,
यूपी के कौशाम्बी जिले का नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद मंझनपुर लगातार विकास की नई इबारत लिख रहा है। रविवार को नगर पालिका परिषद मंझनपुर के वार्ड नं० 6 डॉ. हेडगेवार नगर (तन्नापर) में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पाइप पेयजल योजना का विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने कहा कि नगर के हर वार्ड में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं और जनहित के मुद्दों पर नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंझनपुर को एक आदर्श नगर बनाने के लिए विकास की रफ्तार लगातार जारी रहेगी।
इस महत्वपूर्ण योजना के माध्यम से क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी तथा घर-घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी प्रतिभा सिंह, एई जल निगम अवध किशोर, प्रोजेक्ट मैनेजर एटीसी राजू वर्मा, जल निगम जेई मुकेश पाल, पी०सी० पटेल, एस०के० यादव, विजय तिवारी, सम्मानित सभासद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।








