कौशाम्बी: अटेवा ने पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को गति देने,संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर की बैठक,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर शनिवार को अटेवा के जिला अध्यक्ष कुशल सिंह की अध्यक्षता में सिराथू ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में जन जागरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को गति देने, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया। जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने बताया कि 21 अगस्त को जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी शिक्षक एवं कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। सिराथू ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने लखनऊ में प्रस्तावित विशाल रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने की अपील की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने संगठन को तन, मन और धन से मजबूत करने का संदेश दिया। जिला संगठन मंत्री इकबाल अली ने स्वप्रेरणा से अटेवा की सदस्यता ग्रहण कर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सिराथू ब्लॉक महामंत्री रामू सिंह ने संगठन की एकजुटता और मजबूती पर बल दिया। जिला आय-व्यय निरीक्षक राजकुमार ने प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
संगोष्ठी में सुषमा जायसवाल, शशि साहू, शालिनी सिंह, मनोरमा देवी, गरिमा यादव, मलखान सिंह, अंजुल तिवारी, योगेंद्र प्रताप सिंह, जंग बहादुर सिंह, अनूप सिंह, महेश कुमार, महेंद्र चौधरी, गोपाल चंद, मनोज कुमार, सूर्य प्रकाश तिवारी, यदुराज सिंह, शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








