कौशाम्बी: डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ इन्वेस्टिचर सेरेमनी,
यूपी के कौशाम्बी जिल के डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल में शनिवार को सत्र 2026-27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के छात्र नेतृत्व का चयन एवं अलंकरण किया गया। इस अवसर पर अर्पित गुप्ता को हेड बॉय तथा ज्योति मिश्रा को हेड गर्ल चुना गया। इसके साथ ही शिवाजी हाउस से अनन्या द्विवेदी, टैगोर हाउस से अभिषेक कुमार, रमन हाउस से उजमा एरम तथा अशोका हाउस से ज़िक्रा खान को हाउस कैप्टन के रूप में चयनित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार तथा हाउस मास्टर्स हिमांशु त्रिपाठी, साजिद जमाल, प्रखर सक्सेना, महफूज़ आलम एवं हाउस मिस्ट्रेस शिखा पांडेय, तनुश्री दा, संजू पांडेय और मिली जौहरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करें, ताकि उनके कार्यों से अन्य विद्यार्थी भी प्रेरणा प्राप्त करें और विद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
इसके पश्चात प्रधानाचार्य ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को बैज एवं सैश पहनाकर अलंकृत किया। हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने सभी हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन व सभी हाउस के प्रीफेक्ट के साथ नेतृत्व की शपथ ग्रहण की तथा सभी छात्र पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इसके बाद कक्षा अध्यापकों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के क्लास मॉनिटरों को बैज पहनाकर उनके कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के कल्चरल सेक्रेटरी मोहम्मद आरिफ ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








