कौशाम्बी: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस का दुर्व्यवहार लोकतंत्र पर हमला:तमजीद अहमद,
यूपी के कांग्रेस प्रवक्ता तमजीद अहमद ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था की लगातार विफलताओं, परीक्षा अनियमितताओं और युवाओं के बढ़ते आक्रोश के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पद पर बने रहना देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि जब युवा न्याय और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, तब सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है।
तमजीद अहमद ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया दुर्व्यवहार बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने पहुंचे जनप्रतिनिधियों को बलपूर्वक हिरासत में लेना यह दर्शाता है कि सरकार आलोचना से घबराई हुई है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को लाठी और हिरासत से दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी युवाओं, छात्रों और देश के हर नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
तमजीद अहमद ने मांग की कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें तथा युवाओं और विपक्ष के नेताओं के साथ हुए पुलिसिया दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।








