कौशाम्बी: सात सूत्रीय मांगों को लेकर सपा अधिवक्ता सभा का चायल में प्रदर्शन,राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,
यूपी के कौशाम्बी जिले के चायल तहसील परिसर में बुधवार को समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रेरणा गौतम को सौंपकर विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नौजवानों, छात्रों और बेरोजगारों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही छात्रों की लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग उठाई गई।
सपा कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि लाठीचार्ज के विरोध में समर्थन देने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विपक्षी सांसदों के साथ कथित अभद्रता करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में संविधान विरोधी कार्यों की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग भी की गई।
इसके अतिरिक्त नीट परीक्षा में दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आंदोलन के दौरान मृत छात्रों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा तथा रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के विरुद्ध कथित राजनीतिक कार्रवाई रोकने की भी मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आनंद मोहन पटेल, अनिल यादव, राजू पटेल, जितेंद्र कुमार पासी, चन्द्रबली, राज यादव, भारत लाल, उत्तम यादव, मोहम्मद अहमद, रन्नो देवी, अनवर अहमद खान, मोहम्मद फैजान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








