कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में बड़ी कार्रवाई,आईजी ने पूर्व में चायल पुलिस चौकी और थाना प्रभारी रहे 7 को किया सस्पेंड

कौशाम्बी: कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में बड़ी कार्रवाई,आईजी ने पूर्व में चायल पुलिस चौकी और थाना प्रभारी रहे 7 को किया सस्पेंड,

यूपी के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी के चिल्ला शाहबाजी गांव में कल सोमवार को अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में आईजी प्रयागराज जोन ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना को गंभीरता से लेते हुए आईजी प्रयागराज जोन अजय कुमार मिश्रा ने पिपरी थाना एवं चायल चौकी में तैनात रहे सात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इन पर अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप है।

मनौरी स्थित पटाखा निर्माण/भंडारण कारखाने की अनुमति नौशाद अली पुत्र निजामुद्दीन निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी के नाम जारी की गई थी। अनुमति की अवधि समाप्त होने और पूर्व में कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध रूप से पटाखा निर्माण एवं भंडारण किए जाने की बात सामने आई है।

विभागीय कार्रवाई के तहत निरीक्षक शिवनारायण राम, उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक विनय सिंह, उपनिरीक्षक अजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक मनीष पाल और उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी को सस्पेंड किया गया है।

पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि मामले में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया और तेज होगी। वहीं, हादसे की जांच के साथ अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor