कौशाम्बी: दो बाईकों में आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, बेटी समेत दो घायल,ससुराल जाते समय हुआ हादसा,
यूपी के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गांव निवासी अल्ताब अहमद पुत्र स्व. मोहम्मद राऊफ अंसारी (35) रविवार को अपनी पत्नी निकहत तथा बेटियों हनिया और अफरीन के साथ प्रयागराज के सरंगापुर स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही परिवार सेहुणा गांव के बेला देवी स्कूल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में मोहम्मद अल्ताब अंसारी और उनकी बेटी हनिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अल्ताब अहमद को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में दूसरे बाइक सवार अप्पू पंडित पुत्र परमानंद निवासी शेरगढ़ भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अल्ताब अहमद की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








