दिल्ली में महिला पत्रकारों से मारपीट पर कौशाम्बी के पत्रकारों में आक्रोश,राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

कौशाम्बी: दिल्ली में महिला पत्रकारों से मारपीट पर कौशाम्बी के पत्रकारों में आक्रोश,राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन,

दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले को लेकर कौशाम्बी के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब, कौशाम्बी के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दोनों महिला पत्रकार कवरेज के दौरान अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन कर रही थीं। आरोप है कि उन्हें हिरासत में लेकर साकेत थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल किए गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मारपीट के आरोपों को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है।

पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे में कवरेज के दौरान महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। क्लब ने सवाल उठाया कि क्या किसी महिला पत्रकार की धार्मिक पहचान उसके पेशेवर दायित्वों के आड़े आ सकती है और क्या सत्ता से सवाल पूछना पत्रकार का अपराध है?

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब ने ज्ञापन के माध्यम से पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच, शिकायत पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई, दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई, महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की।

क्लब पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।

इस दौरान अध्यक्ष अली मुक्तेदा, संस्थापक डीएस यादव, संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा, महामंत्री इंतेजार रिजवी, संगठन मंत्री शनि राज वर्मा, कोषाध्यक्ष रामकिशन पटेल समेत आकाश मिश्रा, दिलशाद अहमद, आबिद, फैज़, मेराज, अली अहमद, मोहम्मद यासीन, अनिरुद्ध पांडे, सत्येंद्र खरे सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor