पेट्रोल पंप पर बाइक में टक्कर के बाद विवाद, चार युवकों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी का आरोप,घटना CCTV में कैद

कौशाम्बी: पेट्रोल पंप पर बाइक में टक्कर के बाद विवाद, चार युवकों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी का आरोप,घटना CCTV में कैद,

यूपी एक कौशाम्बी जिले में संदीपनघाट थाना क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव निवासी मनोज कुमार ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित ने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मनोज कुमार अपनी मोटरसाइकिल से कोइलहा स्थित महेंद्र पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास एक Swift Dzire कार (UP 70 DZ 9651) के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल में बाईं ओर से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मनोज पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में तेल भरवाने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान कार को सड़क किनारे खड़ा कर एक व्यक्ति मनोज के पास पहुंचा और मां-बहन की गालियां देते हुए अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने तीन अन्य साथियों को बुला लिया। युवकों ने मिलकर मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर रखा लोहे का रॉड उठाकर मनोज पर हमला करने का प्रयास भी किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। पीड़ित के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।

मनोज ने पुलिस से पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराते हुए चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor