कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने स्वयं चखा भोजन,क्वालिटी जांची और मेस की साफ-सफाई का लिया जायजा,
यूपी के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था को लेकर जूनियर डॉक्टरों के अनुरोध पर प्राचार्य ने स्वयं मेस पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेस की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। जांच में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिली और मौके पर कोई बड़ी कमी नहीं पाई गई।
प्राचार्य ने मेस के किचन, भोजन तैयार करने एवं परोसने की व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने मेस कर्मचारियों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा भोजन की गुणवत्ता को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था में वॉटर कूलर से जुड़ी समस्या भी सामने आई। प्राचार्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वॉटर कूलर की मरम्मत करा दी, जिससे पेयजल व्यवस्था सुचारु हो गई।
प्राचार्य ने जूनियर डॉक्टरों से भी सीधे बातचीत कर मेस की व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। जूनियर डॉक्टरों ने व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्टि जताई। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मेस की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी कमी को तत्काल दूर कराया जाएगा।








