कौशाम्बी: साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत,पुलिस टीम ने ₹24,850 की धनराशि कराई वापस,
यूपी के कौशाम्बी जिले में साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के खाते से निकाली गई धनराशि में से 24,850 रुपये वापस उसके खाते में वापस करा दिए गए। कौशाम्बी पुलिस की साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार पुत्र बैजनाथ निवासी गोसपुर टिकरी, थाना मंझनपुर के साथ 13 मार्च 2025 को यूपीआई के माध्यम से कुल 99,287 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना कौशाम्बी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि में से 24,850 रुपये एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित दिनेश कुमार ने कौशाम्बी पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।








