कौशाम्बी: कौशाम्बी में जमीन के बैनामे में बड़ा फर्जीवाड़ा, डेढ़ बीघा के बदले 15 बीघा जमीन की रजिस्ट्री का आरोप,डिजिटल सिग्नेचर के जरिए जमीन का स्थान बदलकर धोखाधड़ी करने का मामला, दो के खिलाफ FIR दर्ज,
यूपी के कौशाम्बी जनपद में जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। डेढ़ बीघा जमीन के बदले 15 बीघा जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सिराथू तहसील के प्रभारी उप निबंधक संतोष मौर्य की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने अनूप कुमार और मनीष कुमार कुशवाहा के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमीन के बैनामे में दस्तावेजों के साथ हेरफेर कर जमीन का वास्तविक स्थान बदलने का आरोप है। बताया जा रहा है कि डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल कर कागजों में जमीन का स्थान बदलते हुए दूसरे स्थान की जमीन का फर्जी बैनामा कराने की कोशिश की गई। मामले में डेढ़ बीघा जमीन के स्थान पर 15 बीघा जमीन की रजिस्ट्री किए जाने का आरोप सामने आने के बाद प्रकरण गंभीर हो गया है।
आरोप है कि वर्तमान में रजिस्टार की तैनाती नहीं है और ऑफिस में तैनात लिपिक संतोष मौर्य को ही रजिस्ट्रार का चार्ज दिया गया है,जिसके चलते यह फर्जीवाड़ा किया गया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सिराथू तहसील के उप निबंधक ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सैनी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं एआईजी स्टाम्प अनुपम पांडेय ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन के दस्तावेजों में किस स्तर पर हेरफेर किया गया और कथित फर्जीवाड़े में किन लोगों की भूमिका रही है।
रिपोर्ट: अशोक केसरवानी कौशाम्बी








