पोषण समिति की बैठक में डीपीओ ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा,आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और जीरो टॉलरेंस नीति के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश

कौशाम्बी: पोषण समिति की बैठक में डीपीओ ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा,आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और जीरो टॉलरेंस नीति के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी जिला कार्यक्रम अधिकारी की अध्यक्षता में पोषण समिति के एजेंडा बिंदुओं एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक सरस हॉल में आयोजित की गई। बैठक में समस्त खंड विकास अधिकारियों (सीडीपीओ) एवं मुख्य सेविकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पोषण एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं जीरो टॉलरेंस नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। मुख्य सेविकाएं प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे शुक्रवार को सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सेक्टर बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करें। इसके साथ ही प्रत्येक शुक्रवार को सीडीपीओ मुख्य सेविकाओं के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अनिवार्य रूप से संचालित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान यदि कोई आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाया जाता है, तो संबंधित क्षेत्रीय मुख्य सेविका की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सैम बच्चों के प्रबंधन, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग की स्थिति, एचसीएम राशन का बिल, खाद्यान्न की आपूर्ति एवं निरीक्षण, डीएनएस के निर्देशों के अनुपालन, पीएफएमएस पोर्टल पर फीडिंग, पीएमएमवीवाई, मिशन कर्मयोगी, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सक्षम योजना के प्रस्ताव, पोषण वितरण की स्थिति एवं गूगल शीट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, पोषण सेवाओं की गुणवत्ता तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सीडीपीओ सरसवां सुशील कुमार, सीडीपीओ मूरतगंज/नेवादा रेनू वर्मा, सीडीपीओ मंझनपुर/कौशाम्बी सिटी रामेश्वर पाल, सीडीपीओ चायल सतीश चन्द्र, सीडीपीओ कौशांबी अनुज प्रताप सिंह, सीडीपीओ कड़ा प्रतिभा देवी सहित समस्त मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor