डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश

कौशाम्बी: डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में गुरुवार को उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

डीएम ने चिकित्सकों एवं अन्य स्टॉफ की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान सीएमओ एवं सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी चिकित्सक एवं स्टाफ निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहें तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने एवं संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सप्ताह में 02 दिन भ्रमण कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीएमओ को संबंधित से समन्वय कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने विगत माह हुई मातृ मृत्यु एवं नवजात शिशु मृत्यु के कारणों की जानकारी प्राप्त करते मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज एवं सीएमओ की टीम गठित कर जांच कर सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज एवं सीएमओ को रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती किए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाचार्य को मेडिकल कॉलेज में अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।

डीएम ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं तथा ए.एन.सी. रजिस्ट्रेशन की स्थिति की समीक्षा के दौरान आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान ड्यूलिस्ट के अनुसार छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में भी अपेक्षित प्रगति लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ई-कवच पोर्टल पर फीडिंग कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए डी.पी.एम. का वेतन रोकने एवं आगामी बैठक तक शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति अपेक्षित न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सी.एच.ओ. विकास एवं प्रिया यादव का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत प्रगति लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित जन्मजात दोष से ग्रसित बच्चों के उपचार की समीक्षा के दौरान सभी चिन्हित बच्चों का शीघ्र उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी,सीएमओ डॉ. संजय कुमार, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. हरिओम सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor