कौशाम्बी: कौशाम्बी में नवरात्रि मेला ड्यूटी से लौट रहे दो सिपाहियों को लोडर गाड़ी ने मारी टक्कर,दोनों गंभीर घायल,एक की हालत नाजुक,प्रयागराज रेफर,
यूपी के कौशाम्बी जिले के कड़ा धाम थाना क्षेत्र के देवीगंज बाईपास पर सोमवार की शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। कड़ा धाम माता शीतला मंदिर से नवरात्रि मेला ड्यूटी से बाइक पर लौट रहे दो सिपाहियों को तेज रफ्तार लोडर गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सिपाहियों के नाम सुनील और सूरज बताए जा रहे हैं। दोनों मंझनपुर कोतवाली में तैनात है और वर्तमान में कड़ा धाम थाना क्षेत्र में माता शीतला मंदिर में तैनाती है।सिपाहियों की हालत गंभीर होने पर तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक सिपाही की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के SRN हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों सिपाही देर रात नवरात्रि मेले की ड्यूटी खत्म कर वापस लौट रहे थे, तभी देवीगंज बाईपास पर सामने से आ रही तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोडर चालक के खिलाफ कार्रवाई और घायल सिपाहियों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस लोडर की तलाश में जुटी है।








