कौशाम्बी: कौशाम्बी में विजयदशमी और मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया पैदल मार्च,
यूपी के कौशाम्बी जिले में विजयदशमी और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार की देर शाम को एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस फोर्स के साथ कस्बे में पैदल मार्च किया। एसपी ने पैदल गश्त कर मेले में भीड़ वाले स्थानों और विसर्जन घाटों का सुरक्षा जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
त्योहार के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों, मेला परिसर और विसर्जन स्थलों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि विजयदशमी और विसर्जन का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।








