कौशाम्बी: मंझनपुर में रामदल पर जगह जगह पुष्पवर्षा,श्रीराम ने किया रावण का वध,जय श्रीराम के जयघोष से गूंजायमान हुआ कस्बा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में विजयादशमी के अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी मंझनपुर की ओर से रामदल की भव्य शोभायात्रा रामलीला मैदान से निकाली गई। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, सीता, भारत माता, सहित रामदल के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रामदल के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
बता दे कि रामलीला मैदान से निकला रामदल सबसे पहले बड़ा शिवाला मोहल्ले पहुंचा, जहां पूरे मोहल्ले में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष ने अपनी पत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद राम प्रकाश विश्वकर्मा के सहयोगियों द्वारा रामदल का पूजन कर स्वागत किया गया। रामदल आगे बढ़ते हुए चौराहों से होकर सिराथू रोड पहुंचा, जहां झल्लर चौरसिया एवं उनके सहयोगियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया उसके उपरान्त मंझनपुर ब्लाक एवं ओसा मार्ग पर भी रामदल का भव्य स्वागत किया है।
इसके बाद रामदल नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करता हुआ रावण मैदान पहुंचा। यहां राम और रावण के बीच युद्ध का भव्य मंचन किया गया। युद्ध में भगवान श्रीराम के हाथों रावण का वध होते ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। पुतला धू-धूकर जलने के साथ ही लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया।
रामदल यात्रा के दौरान नगर में सामाजिक सौहार्द की भी खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। नगर के मुस्लिम भाइयों ने रामदल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के स्वरूपों को गले लगाकर प्रेमपूर्वक स्वागत किया और मिठाई खिलाई। इस दृश्य ने नगर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। रामदल के पूरे भ्रमण के दौरान नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और जगह-जगह पूजा-अर्चना, पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर विजयादशमी पर्व को उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर कमेटी के सभी पदाधिकारी वं नगर के सम्भ्रान्त नगारिको सहित हजारो की संख्या में लोग शामिल रहें।
विजयादशमी के अवसर पर डीएम डॉ अमित पाल एवं एसपी सत्यनारायण प्रजापत भी अपने परिवार के साथ रावण मैदान पहुंचे और राम-रावण युद्ध तथा रावण दहन के कार्यक्रम में शामिल हुए। भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध के बाद पुतले का दहन किया गया। अधिकारियों ने जिलेवासियों को दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देती है।








