24 से 26 जनवरी तक राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाय उत्तर प्रदेश दिवस:मुख्य सचिव

उत्तर प्रदेश,

24 से 26 जनवरी तक राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाय उत्तर प्रदेश दिवस:मुख्य सचिव,

न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेन्सी)

24 जनवरी को वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस वर्तमान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय आयोजन के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 से 26 जनवरी, 2023 की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2023 को समारोह पूर्वक मनाया जायेगा। इस आयोजन में प्रदेश के समस्त विभागांे की सहभागिता सुनिश्चित की जानी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में भी इस अवसर पर राज्य स्तरीय आयोजन किया जायेगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद को संस्कृति विभाग द्वारा 03 लाख रूपये की धनराशि उपलब्ध करायी जायेगी। इस सम्बंध में प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की ओर से समस्त जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं।

मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि खादी एवं ग्रामोद्योग/एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा इस अवसर पर ओडीओपी के स्टाल लगाकर उत्पादों का विक्रय एवं प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिला स्तर पर प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय केन्द्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाय। जिसमें सूचना, पर्यटन, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग, संस्कृति तथा शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाय।

मुख्य सचिव ने निर्देशों में यह भी कहा है कि इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा वर्तमान सरकार की उपलब्धियों से सम्बंधित योजनाओं तथा कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगायी जाय, जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच सके। खेल विभाग द्वारा ग्रामीण स्तर के खेलों जैसे-खो-खो, कबड्डी, शूटिंग बॉल, बालीबाल, बाल क्रिकेट, टेनिस, दौड़, बाधा दौड़ आदि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कराते हुए खेलों का प्रदर्शन कराया जाय। इस अवसर पर खेल विभाग द्वारा खेल से सम्बंधित विभिन्न पुरस्कारों का वितरण भी किया जाय।

उत्तर प्रदेश दिवस-2023 का आयोजन कराये जाने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाय। राज्य सरकार की योजनाओं से सम्बंधित सभी विभागों के सम्बंधित अधिकारियों को सदस्य के रूप में नामित करते हुए प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाय। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार द्वारा उत्तर प्रदेश की यात्रा से सम्बंधित संकलित अभिलेखों की प्रदर्शनी का आयोजन सभी कार्यक्रम स्थलों पर किया जाय। इसका उद्देश्य नवीन पीढ़ी को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की जानकारी उपलब्ध कराना है।

मुख्य सचिव महोदय ने अपने निर्देशों में यह भी कहा है कि 25 जनवरी, 2023 को सभी कार्यक्रम स्थलों पर राज्य स्तरीय चित्रकला, भाषण, रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाय, जिनको फरवरी माह में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से जोड़ा जा सके। इस मौके पर उन महानुभावों को चिन्हित किया जाय जिन्होंने प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं। ऐसे महानुभावों को कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित करके सम्मानित किया जाय। अवध शिल्पग्राम लखनऊ मंे वृहद आयोजन सुनिश्चित किया जाय। इसमें सभी विभागों की सहभागिता ली जाय। राज्य सरकार की संचालित योजनाआंे-परियोजनाओं से सम्बंधित प्रदर्शनी लगायी जाय तथा हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय हस्तशिल्प एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाय।

अवध शिल्पग्राम लखनऊ में बड़े आयोजन के अन्तर्गत उद्घाटन एवं समापन के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा दिये जाने वाले पुरस्कारों एवं सम्मानों की योजना निर्धारित की जाय। मुख्य आयोजन को सूचना विभाग के माध्यम से समस्त जिलों में लाइव प्रसारण कराया जाय। अवध शिल्पग्राम लखनऊ में संस्कृति, पर्यटन, गृह, सूचना, महिला कल्याण तथा कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की प्रदर्शनियों का आयोजन किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। समस्त आयोजन एवं आजादी का अमृत महोत्सव के तहत किये जाएंगे। जनपदों को उपलब्ध करायी गयी धनराशि से सांस्कृतिक आयोजन, प्रदर्शनियां एवं अन्य विविध गतिविधियां सुनिश्चित की जाय।

मुख्य सचिव महोदय ने यह भी निर्देश दिये हैं कि समस्त जनपदों मे आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों हेतु जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया जाय तथा उस नोडल अधिकारी द्वारा कार्यक्रम का विवरण एवं फोटोग्राफ्स संस्कृति विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने निर्देश में यह भी कहा है कि उत्तर प्रदेश दिवस-2023 को भव्यपूर्ण ढंग से मनाया जाय। इन सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए उत्तर प्रदेश दिवस के समस्त कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाएं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor