बोल बम के जयकारों से गूंजा मुख्यालय,जगह जगह हुआ स्वागत,गाजे बजे के साथ बाबा धाम को रवाना हुए कांवरिए

कौशाम्बी,

बोल बम के जयकारों से गूंजा मुख्यालय,जगह जगह हुआ स्वागत,गाजे बजे के साथ बाबा धाम को रवाना हुए कांवरिए

यूपी के कौशाम्बी जिले में सावन माह के पवित्र अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का संगम शनिवार को उस समय देखने को मिला जब कांवड़ यात्रा का पहला जत्था मंझनपुर मुख्यालय स्थित चौराहे से भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच रवाना हुआ। कांवड़ यात्रा के शुभारंभ पर भक्तों में गजब का उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व श्रद्धालु कांवड़ियों ने मंझनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और भोलेनाथ से सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। भक्ति से सराबोर वातावरण में जैसे ही कांवड़िए हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ आगे बढ़े, माहौल शिवमय हो गया।

प्रशासन इस दौरान पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, शीतल जल एवं जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही जिले के विभिन्न मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालु निर्बाध रूप से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

भक्तों ने भोलेनाथ के जयकारों के बीच भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर श्रद्धा और विश्वास के साथ यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान नगर पालिका मंझनपुर के अध्यक्ष द्वारा मंझनपुर चौराहा पर स्टॉल लगा कर हलुआ दमालू आदि का वितरण किया, इसके बाद कावरियों को अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सरोज फौजी ने कहा कि कावरियों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। सभी लोगों को कावरियों की सेवा करना चाहिए, जिससे कावरियों को बाबा धाम जाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।

उन्होने कहा कि कावरियां पैदल इतनी दूर जाते है, उनकी जगह-जगह लोगों को सेवा व सहयोग करना चाहिए। इस दौरान बोल बम के जयकारे लगाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष भी कावरियों के साथ जम कर थिरके, बाबा भोले नाथ की भक्ति में मंझनपुर चौराहा सराबोर हो गया। मानों बाबा धाम कुछ समय के लिए मंझनपुर चौराहा ही बन गया था। कावरियों का जत्था गाजे बाजे के साथ बाबा धाम के लिए रवाना हो गये।

इस दौरान नगर पालिका के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor