अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा की नमाज, मस्जिदो में उमड़ा जनसैलाब,अमन-चैन की मांगी दुआ, पुलिस रही मुस्तैद

कौशाम्बी: अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा की नमाज, मस्जिदो में उमड़ा जनसैलाब,अमन-चैन की मांगी दुआ, पुलिस रही मुस्तैद,

यूपी के कौशाम्बी जिले में माह-ए-रमजान के आखिरी जुमा पर मंझनपुर मुख्यालय स्थित जामा मस्जिद समेत जिले की अन्य मस्जिदों में शुक्रवार को लगभग 1:30 बजे अलविदा की नमाज पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। इस अवसर पर जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर देश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।

अलविदा की नमाज को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। जिले की प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले।के सभी थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में अपनी पुलिस फोर्स के साथ लगातार मस्जिदों का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने भी जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों का निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और शांतिपूर्ण बनी रही। अलविदा की नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अकबर एहसानी ने अपने खुत्बे में कहा कि रमजान का महीना इंसान को सब्र, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि हमें रमजान के संदेश को अपनी जिंदगी में उतारते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से देश की तरक्की और समाज में शांति बनाए रखने की अपील की।

अलविदा की नमाज के बाद नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और ईद-उल-फितर की तैयारियों में जुट गए। पूरे नगर में धार्मिक आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor