डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,अधिकारियों को ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश

कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,अधिकारियों को ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने गुरुवार को “गॉव की समस्या,गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड मंझनपुर की ग्राम-टेवा में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि ग्राम में कैम्प लगाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को आवश्यक दवाओं एवं एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से ग्राम में सैम बच्चों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि सैम बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र अवश्य भर्ती कराया जाए। उन्होंने नायब तहसीलदार को राजस्व से संबंधित शिकायतों को मौके पर जाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।

ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि रात्रि में विद्युत की कटौती होती है, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत से कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति एवं कैम्प लगाकर विद्युत से संबंधित शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

परियोजना निदेशक ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत 118 परिवारों को चिन्हित किया गया है। जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 922 लोगों को व्यक्तिगत शौचालय का लाभ दिया गया है एवं कुछ नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाएगा। ग्राम में अधिष्ठापित सभी हैंडपम्प क्रियाशील हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 218 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है एवं परिवार रजिस्टर से मिलन के उपरांत और 39 पात्र लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 117 लाभार्थियों को निराश्रित महिला पेंशन का लाभ मिल रहा है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 57 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।

ग्राम चौपाल मे सीएमओ डॉ. संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor