नंदी वाणी पब्लिक स्कूल में कन्या पूजन एवं डांडिया उत्सव की धूम

कौशाम्बी: नंदी वाणी पब्लिक स्कूल में कन्या पूजन एवं डांडिया उत्सव की धूम,

यूपी के कौशाम्बी जिले के नंदी वाणी पब्लिक स्कूल भरवारी में नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन एवं डांडिया सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति के सम्मान का सुंदर संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की आराधना एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया तथा उन्हें प्रसाद एवं उपहार प्रदान किए गए। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, मधुर संगीत और आकर्षक डांडिया प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित चौरसिया ने विद्यार्थियों को नवरात्रि के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, आपसी सहयोग और नारी सम्मान की भावना विकसित होती है।

विद्यालय की प्रबंधक ज्योति केसरवानी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है तथा वे अपनी परंपराओं से जुड़ते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कन्या पूजन और डांडिया उत्सव ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सभी के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

नंदी वाणी पब्लिक स्कूल का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और नारी शक्ति के सम्मान का प्रेरणादायक उदाहरण बना ।

विद्यालय के अन्य शिक्षक गौरव, रेहान, डोली, सुनील, सुशील, अयान, सरिता, ईशा, मधु,दिव्या, अरुण, अशोक, विवेक ने बच्चों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में डांडिया के कार्यक्रम में हिस्सा लिया तथा बच्चों के साथ मिलकर इस पर्व को बड़े धूमधाम से मनाया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor