27 जनवरी से 05 फरवरी तक होगा फिरोजाबाद महोत्सव का आयोजन

उत्तर प्रदेश,

27 जनवरी से 05 फरवरी तक होगा फिरोजाबाद महोत्सव का आयोजन,

न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेन्सी)

यूपी में जनपदों के महोत्सव तथा स्थापना दिवस के आयोजन के क्रम में जनपद फिरोजाबाद की स्थापना तिथि 05 फरवरी के अवसर पर 27 जनवरी से 05 फरवरी तक 10 दिवसीय फिरोजाबाद महोत्सव का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है। इस सम्बंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद फिरोजाबाद द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव किया गया है।

उक्त जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि इस 10 दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिल्प मेला, युवा महोत्सव सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां भी लगायी जाएंगी। इन गतिविधियों से जनपद के पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश आकर्षित करने में भी आसानी होगी। उन्होंने बताया कि जनपद फिरोजाबाद का गौरवशाली इतिहास है। इस महोत्सव के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का प्रयास किया जायेगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन के दौरान जनपद की गौरवशाली विरासत, इतिहास तथा विकास यात्रा एवं स्वतंत्रता संग्राम में दिये गये योगदान से भी भावी पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया जायेगा। इसके साथ ही धार्मिक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विख्यात स्थलों की भी जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि जनपद फिरोजाबाद द्वारा विकास यात्रा के दौरान तय किये गये विभिन्न सोपानों की भी आम जनता को जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही यहां के शिल्प, कलाकृतियां एवं लोक जीवन की झांकी भी जनता को देखने को मिलेगी।

जयवीर सिंह ने बताया कि फिरोजाबाद महोत्सव के आयोजन में विभिन्न व्यवस्थाओं जैसे-टेन्टेज, स्टेज, लाइट साउण्ड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथि सत्कार, शिल्प मेला आदि की व्यवस्था जिलाधिकारी द्वारा की जायेगी। महोत्सव के आयोजन के लिए जिला अधिकारी फिरोजाबाद द्वारा जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठकें करके विस्तार से कार्यक्रम तय करते हुए सम्बंधित अधिकारियों एवं विभागों को सहभागिता करने के निर्देश दिये गये हैं।

जयवीर सिंह ने बताया कि फिरोजाबाद महोत्सव को पूरी गरिमा एवं भव्यता के साथ आयोजित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं तथा सुरक्षा आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor