कौशाम्बी: कौशाम्बी में शिक्षिका चाकू-चापड़ लेकर आती है स्कूल,बच्चों में दहशत,शिक्षिका बोली मै असुरक्षित इसलिए लाई,
यूपी के कौशाम्बी जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में एक महिला शिक्षिका के चाकू और चापड़ लेकर ड्यूटी पर आने से बच्चों और स्टाफ में दहशत का माहौल है। शिक्षिका का कक्षा के अंदर धारदार हथियार लहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला कड़ा ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय लुकिया का है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक शिखा सिंह, जो प्रयागराज की निवासी बताई जा रही हैं, पिछले तीन-चार दिनों से हाथों में चाकू और चापड़ लेकर स्कूल आ रही हैं। उनकी इस हरकत से स्कूल स्टाफ और छात्र-छात्राएं भयभीत हैं।
शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला शिक्षिका स्कूल के गेट से ही हाथों में चाकू और चापड़ लेकर प्रवेश कर रही हैं। इसके बाद वह कक्षा में कुर्सी पर बैठकर इन हथियारों को लहराती हुई दिखाई दे रही हैं। उनकी इन हरकतों के कारण विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति भी कम हो रही है।
बच्चों के अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। कुछ स्टाफ सदस्यों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि महिला शिक्षिका इन दिनों मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रही हैं।
वही इस मामले में शिक्षिका से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है इसलिए वह इसे ले कर आई है।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। कड़ा ब्लॉक के खंड शिक्षाधिकारी (BEO) नीरज उमराव ने बताया कि उन्हें भी यह वीडियो आज ही मिला है। उन्होंने मामले की जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को दे दी है और कहा कि वे स्कूल पहुंचकर जांच-पड़ताल के बाद ही पूरी हकीकत बता पाएंगे।








