कौशाम्बी: कौशाम्बी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 11 लोगों की मौत, सीएम योगी,डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने भी जताया दुख,मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता का ऐलान,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मनौरी में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए फेसबुक के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कौशाम्बी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
उधर, मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने नौशाद, शकील, शबाना, कहकशा बानो, आदिल और शायना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
भीषण विस्फोट के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। घटना ने अवैध पटाखा निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने गोदाम में रखे हुए अवैध पटाखा भंडारण पर जब्ती की कार्रवाई की है,वही फैक्ट्री संचालक के मकान के ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।








