कौशाम्बी में अमृत सरोवर तालाब खुदाई के दौरान मिली हजारों साल पुरानी प्राचीन दीवार

कौशाम्बी,

अमृत सरोवर तालाब खुदाई के दौरान मिली हजारों साल पुरानी प्राचीन दीवार,

यूपी के कौशाम्बी जिले में चायल तहसील के जैतपुर पूरे हजारी गांव मे रविवार को अमृत सरोवर की खुदाई के समय प्राचीन दीवार मिली है। दीवार का आकार प्रकार देख मजदूरों ने ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दी। ऐतिहासिक महत्व की दीवार जान ग्राम प्रधान ने सरोवर खुदाई का काम रोक कर तहसील प्रशासन को इसकी जानकारी भेजी है। तहसील प्रशासन ने अधिकारियों को पत्र लिखकर जांच कराए जाने की बात कही है।

नेवादा ब्लॉक के जैतपुर पूरे हजारी गांव मे अमृत सरोवर का निर्माण कार्य चल रहा है। सरोवर का निर्माण करीब  70 फीसदी हो चुका है। रविवार को मनरेगा के तहत ग्रामीण मजदूर सरोवर की खुदाई कर रहे थे,तभी अचानक जमीन के नीचे सख्त ईंट की दीवार मिली,जिसको देखते ही गांव के लोगों की भीड़ लग गई। बीडीओ नेवादा बृजेश नारायण त्रिपाठी ने बताया, गाव मे पुरातात्विक महत्व की दीवार होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है।कौशांबी के पुरातात्विक विषय पर शोध कर रहे इतिहासकार सुरेश नगर चौधरी ने बताया, गाव के सरोवर की खुदाई में मिली दीवार के तस्वीर देखने से प्रतीत होता है कि यह 2000 साल से अधिक पुरानी दीवार हो सकती है। इतिहास के पन्नों में यह समय कुषाण काल का आंका जाता है। जिस समय बुद्ध के समकालीन शासक कनिष्क प्रथम का शासन रहा था। सुरेश नगर चौधरी ने कहा कि विस्तृत जांच कर भारतीय पुरातत्व विभाग के वैज्ञानिक ही दीवार के समय का निर्धारण कर सकते है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor