कौशाम्बी
कोखराज थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव से एक महिला तीन वर्षीय बच्चे को चुराकर भागने लगी। गांव के लोगों ने बच्चे का शोर सुना तो उसको दौड़ा लिया। बच्चे को उसके पास से छीनकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।अशरफपुर गांव निवासी सुचित का तीन वर्षीय बेटा कमलेश कुमार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक महिला वहां आई और बच्चे को लेकर अचानक भागने लगी। बच्चे का शोर सुनकर आसपास के लोगों की नजर महिला पर पड़ी तो वह महिला को रोकने के लिए शोर मचाने लगे। महिला लोगों को देखकर और तेजी से भागते हुए खेतों की ओर पहुंच गई। महिला ने उनको आते देखा तो वह अपने का छिपाने का प्रयास करने लगी, लेकिन खेतों में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से बच्चे को छीन लिया। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के बाद भी महिला ने कुछ नहीं बताया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ चल रही है। मूरतगंज चौकी प्रभारी कामता प्रसाद ने बताया कि महिला कि हालत देखकर लगता है कि वह विक्षिप्त है। थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई पूछताछ के बाद होगी








