कौशाम्बी: CEIR पोर्टल पर कौशाम्बी प्रदेश में प्रथम,पुलिस ने मोबाइल रिकवरी,ब्लॉकिंग और ट्रैकिंग में किया बेहतरीन कार्य,
यूपी के कौशाम्बी जिले की पुलिस ने तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई के क्षेत्र मे एक बार फिर पूरे प्रदेश में मिसाल कायम की है। सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर लॉगिन करने, मोबाइल ट्रैकिंग और रिकवरी के मामलों में कौशाम्बी जिले की पुलिस ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश स्तर पर 2,75,393 मोबाइल ब्लॉक, 1,77,387 मोबाइल ट्रैक तथा 57,761 मोबाइल रिकवर किए गए हैं। वहीं, कौशाम्बी जनपद ने 71.21 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जबकि प्रदेश औसत रिकवरी दर 32.56 प्रतिशत रही है।
यह उपलब्धि एसपी राजेश कुमार एवं पुलिस टीम की सतत निगरानी का परिणाम है। कौशाम्बी पुलिस ने हाल के महीनों में गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया, जिसके चलते आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
एसपी ने इस सफलता पर जनपद की टीम को बधाई देते हुए कहा कि तकनीकी संसाधनों के कुशल उपयोग और टीमवर्क की बदौलत ही कौशाम्बी आज प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। हमारा लक्ष्य जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवा देना है।उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी पुलिस कर्मी इसी प्रकार तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण और नागरिक सुविधा से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करते रहें।








