कौशाम्बी: सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर इंटरनेट सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन,डीएम ने जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआईसी) के तत्वावधान में जनपद स्तर पर सुरक्षित इंटरनेट दिवस “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों, शासकीय/अशासकीय विद्यालयों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि शलिनी प्रभाकर एडीएम (वि/ रा) द्वारा बताया गया की कैसे फिशिंग ,साइबर अपराध,ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, अनजान लिंक, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध संदेशों से कैसे बचा जाए।
रविन्द्र कुमार जयसवाल , जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, एनआईसी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट हमारी दैनिक आवश्यकता बन चुका है, ऐसे में इसकी सुरक्षा एवं सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। सभी नागरिकों को चाहिए कि वे साइबर सुरक्षा से संबंधित मूलभूत जानकारियों को अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को दें।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, पासवर्ड सुरक्षा, फर्जी वेबसाइटों एवं साइबर अपराधों की पहचान, डिजिटल अरैस्ट डीपफेक/ एआई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार इंटरनेट का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग कर स्वयं तथा समाज को डिजिटल रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की शपथ दिलाई गई।
सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर डीएम डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंटरनेट का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग आज के समय की आवश्यकता है।जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना है।








