कृषि कानून के विरोध में सपाइयों ने गांव में लगाई चौपाल

कौशाम्बी

सपाइयों ने किसान चौपाल में कृषि कानून के विरोध में आवाज बुलंद कर दी है। शनिवार को विभा सिंह जिला महामंत्री महिला प्रकोष्ठ कौशाम्बी के नेतृत्व में सपाइयों ने गांव-गांव जाकर किसान चौपाल का आयोजन किया। सपाइयों ने कृषि कानून का विरोध करते हुए किसानों को जानकारी दी।

कृषि कानून को लेकर दिल्ली बार्डर पर धरना दिया जा रहा है। शनिवार को जिले के सपा कार्यकर्ता भी कृषि कानून के विरोध में नजर आए। सपा नेत्री विभा सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर गांव-गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। तिलोकपुर, गरई, सातों कछार आदि गांवों में किसान चौपाल का आयोजन किया गया।

सपा नेत्री विभा सिंह ने किसानों के साथ चौपाल लगाकर वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। यह सरकार किसानों के हितों में कोई कार्य नहीं कर रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन यह बात हवाई साबित हो रही है। किसान दिल्ली में धरने पर बैठे हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है और न ही किसानों से वार्ता कर रहे हैं। भाजपा सरकार तानाशाही दिखाकर अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला रही है। उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले चुनाव में किसान इसका जवाब देंगे। इस दौरान सपा नेता चंदन सिंह, जितेंद्र मौर्य ,महबूब आलम ,राज कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor