कौशाम्बी: एसडीएम मंझनपुर एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने तालाब एवं नवीन परती की भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाया,
यूपी के कौशाम्बी जिले में “मौके पर समाधान, जनता को राहत” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को एसडीएम मंझनपुर एस.पी. वर्मा एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अजेंद्र सिंह द्वारा ग्राम बरौला में कैम्प आयोजित किया गया। कैम्प में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों का ग्राम स्तर पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
ग्राम खेरवा के मजरा बरौला निवासी शिकायतकर्ता हर्षित मिश्रा पुत्र राम सुमेर मिश्रा द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं जनसुनवाई के दौरान इस आशय की शिकायत की गयी कि ग्राम खेरवा मजरा बरौला स्थित आराजी संख्या 367, जो तालाब खाते की भूमि हैं एवं आराजी संख्या 371 जो नवीन परती खाते की भूमि है. इस पर ग्राम के कई लोगों द्वारा अस्थायी एवं स्थायी निर्माण करके कब्जा कर लिया गया है।
राजस्व टीम द्वारा अभिलेखीय एवं स्थलीय जाँच के उपरान्त गाटा संख्या 367,जो तालाब खाते की भूमि है एवं गाटा संख्या 371, जो नवीन परती खाते की भूमि है. पर ग्राम के जयनारायण मिश्रा, गब्बर सिंह. शिव कमल सिंह इत्यादि के द्वारा किये गये अस्थायी कब्जे को मौके पर ध्वस्त कराया गया एवं ग्रामसभा भूमि पर किये गये अन्य स्थायी निर्माण,जिनके सम्बन्ध में धारा 67 की कार्यवाही तहसीलदार मंझनपुर के न्यायालय में लम्बित बताया गया है. उनमें आदेश होने के उपरान्त मौके पर बेदखली की कार्यवाही के लिए सम्बन्धित राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया गया। मौके पर की गयी कार्यवाही से शिकायतकर्ता हर्षित मिश्रा संतुष्ट हैं।








