कौशाम्बी: वृद्धाश्रम में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निःक्षय शिविर का आयोजन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को वृद्धाश्रम में निःक्षय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु निःशुल्क एक्स-रे, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रक्त शर्करा (शुगर), हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं।
शिविर के दौरान संभावित टीबी रोगियों की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। वृद्धजनों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया। टीबी का शीघ्र पता लगने और पूरा उपचार कराने से इस बीमारी को पूर्णतः ठीक किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन में कमी या रात में अधिक पसीना आने जैसे लक्षण हों, तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क जांच अवश्य कराएं तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर प्रबंधक वृद्ध आश्रम आलोक राय उपस्थित रहे।








