डीएम ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करारी का किया आकस्मिक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश 

कौशाम्बी: डीएम ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करारी का किया आकस्मिक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ.अमित पाल ने बुधवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करारी का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में निष्प्रयोज्य एम्बुलेंस खड़ी पाए जाने पर सीएमओ से दूरभाष पर वार्ता कर नियमानुसार नीलामी आदि की कार्यवाही कर निस्तारित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने ओ.पी.डी. रजिस्टर के अवलोकन के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. शोएब अंसारी से प्रतिदिन ओ.पी.डी. की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि सर्पदंश की घटनाओं के दृष्टिगत एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

डीएम ने लैब कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध जांच सुविधाओं एवं आज किए गए जांचों की जानकारी प्राप्त करते हुए चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक जांच सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें एवं प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor