कौशाम्बी: कौशाम्बी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद, करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान जब्त, 3 अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महेवाघाट थाना पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखा निर्माण/भंडारण करने वाले तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक एवं पटाखा सामग्री बरामद किया है।
एसपी सत्यनारायण के निर्देशन में अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महेवाघाट थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रत्नावली मंदिर से पहले मुस्ताक अली के घर में अवैध पटाखे और पटाखा बनाने की सामग्री रखी गई है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सलमान पुत्र मुस्ताक अली, रुखसाना पत्नी स्वर्गीय मुस्ताक अली निवासी ग्राम व थाना महेवाघाट तथा सद्दाम पुत्र मुस्ताक उर्फ कल्लू निवासी नया बाजार, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ को अरेस्ट कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 250 पीस अर्धनिर्मित पटाखा बम, 380 पीस पूर्ण निर्मित बम पटाखा और 3400 समोसा पटाखे बरामद किए। पूछताछ के आधार पर ग्राम स्थित अमन पुत्र मन्ना के घर की नियमानुसार तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित एवं पूर्ण निर्मित पटाखे, पटाखा/बारूद पाउडर और अन्य कच्ची सामग्री बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद विस्फोटक सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है। बरामदगी में 255 पीस अर्धनिर्मित पटाखा बम, 380 पीस पूर्ण निर्मित बम पटाखा, 3400 समोसा पटाखे, एक किलो पाउडर और आधा किलो पटाखा की डोरी शामिल है।
पुलिस ने मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9B(1)(b) एवं धारा 288 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।








