कौशाम्बी में अवैध पटाखा निर्माण व भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,218 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद,एक अरेस्ट

कौशाम्बी: कौशाम्बी में अवैध पटाखा निर्माण व भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,218 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद,एक अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले में अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कड़ा धाम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने देवीगंज में छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखा और बारूद का भंडारण करने के आरोप में एक व्यक्ति को अरेस्ट किया है। मौके से भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवीगंज स्थित रोशन अंसारी के मकान में रोशन अंसारी, लाल मोहम्मद और उसका लड़का मिलकर अवैध पटाखा एवं बारूद का भंडारण कर रहे हैं। सूचना पर कड़ा धाम पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और लाल मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय अब्दुल गनी, निवासी देवीगंज थाना कड़ा धाम को अरेस्ट कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06 अदद प्लास्टिक की बोरियों और 03 अदद कागज के कार्टून में कुल 156 किलोग्राम शॉट पटाखा तथा 06 अदद प्लास्टिक के डिब्बों में 62 किलोग्राम बारूद बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद विस्फोटक सामग्री का कुल वजन 218 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।

बरामद सामग्री में विभिन्न प्रकार के बम और पटाखे शामिल हैं, जिनमें अदद शॉट्स बम, फ्लैश बम, चटाई बम, आकाशीय बम, फुलझड़ी और अन्य पटाखे शामिल हैं।

मामले में थाना कड़ा धाम में विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor