कौशाम्बी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में वांछित मुख्य आरोपी का बेटा 25 हजार का इनामिया आरोपी आदिल पुलिस मुठभेड़ में अरेस्ट,आरोपी के दोनों पैर में लगी गोली

कौशाम्बी: कौशाम्बी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में वांछित मुख्य आरोपी का बेटा 25 हजार का इनामिया आरोपी आदिल पुलिस मुठभेड़ में अरेस्ट,आरोपी के दोनों पैर में लगी गोली,

यूपी के कौशाम्बी जिले मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विस्फोट कांड में वांछित चल रहे आरोपी आदिल पुत्र नौशाद निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी कौशाम्बी द्वारा गठित टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान 2/3 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी आदिल कमालपुर से बरेठी वाली नहर पुलिया की ओर आ रहा है।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया, लेकिन फिसलकर गिर गया। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक  जिंदा कारतूस, तीन  खोखा कारतूस 315 बोर, करीब 700 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी आदिल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और उसका भंडारण करता था। इसके लिए महमूदपुर मनौरी पावर हाउस के पास बने गोदाम का इस्तेमाल किया जाता था।

गौरतलब है कि 31 अगस्त 2026 को इसी गोदाम में रखे पटाखे और बारूद में भीषण विस्फोट हुआ था। हादसे में अब तक 14 लोगों की जान चली गई और आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हुए थे।मामले में थाना पिपरी पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor