कौशाम्बी: दिल्ली में पत्रकारों को डिटेन किए जाने और मारपीट किए जाने के विरोध में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब ने राष्ट्रपति को संबोधित एडीएम को सौंपा ज्ञापन,
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने और उनके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार के विरोध में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब कौशाम्बी ने आवाज बुलंद की है। क्लब ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा, रितिक जोशी, राहुल चारस, आयुष तिवारी, श्रोणव चौधरी, अभिषेक सिंह, साक्षी आर्या, अभिमन्यु प्रताप, ईशा (इंटर्न), सार्थक जायसवाल, रोशनी राजन, कुणाल छत्री सहित अन्य पत्रकारों को दिल्ली पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई हैं। क्लब ने पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर गंभीर चिंता जताई है।
क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकारों का काम घटनाओं की निष्पक्ष रिपोर्टिंग करना और जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराना है। ऐसे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों को रोकना, हिरासत में लेना या उनके साथ दुर्व्यवहार करना प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से सात प्रमुख मांगें की गई हैं। इनमें हिरासत में लिए गए पत्रकारों के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तथा प्रदर्शन और धरना-प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।इसके अलावा पत्रकारों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग में बाधा डालने और उनके साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा पत्रकारों की स्वतंत्रता, गरिमा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की गई है।क्लब ने ज्ञापन में हिंदी खबर के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल और महिला पत्रकार इशिका के हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने का उल्लेख करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग भी उठाई है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर पत्रकारों के हितों एवं प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। क्लब का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है और पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिलना चाहिए।
इस मौके पर अध्यक्ष अली मुक्तेदा, संस्थापक डीएस यादव, संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा, महामंत्री इन्तेजार रिजवी, उपाध्यक्ष अमरनाथ झा, कोषाध्यक्ष राम किशन पटेल, सादाब रिजवी, ध्यान सिंह, गुलाम वारिश, पंकज केसरवानी, अशोक केसरवानी, मो. नौसेब, नवनीत कुमार, बाकर हुसैन, फ़रदीन अंसारी, शमशाद अली,तब्जील अहमद, मो. आबिद, आकाश मिश्रा, खादिम रिजवी, अजय कुमार, अरुण, जैगम, मेराज अहमद, अनवर अली, लवलेश आदि सैकड़ो पत्रकार उपस्थित रहे।








